भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के राजस्थान प्रवास के संदर्भ में पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख श्री अनिल बलूनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति


16-10-2023
Press Release

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज सोमवार को राजस्थान के उदयपुर एवं जोधपुर में दो संभाग की चार बैठकें करके विधान सभा चुनाव के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संभाग पदाधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हुए जनकल्याण एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था के ध्वस्त हालात से जनता को अवगत कराएं।

 

श्री नड्डा ने आज सुबह दस बजे से उदयपुर के होटल हावर्ड जॉनसन में उदयपुर संभाग के पदाधिकारियों के साथ दो बैठक की। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिलामंत्री श्री गजपाल सिंह, संभाग प्रभारी श्री दामोदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शहर श्री रविन्द्र श्रीमाली सहित संभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे। उदयपुर संभाग की पहली बैठक में उदयपुर शहर, उदयपुर ग्रामीण, चित्तौढ़ और प्रतापगढ़ के पदाधिकारी शामिल हुए। उदयपुर संभाग की दूसरी बैठक में डूंगरपुर, बांसवाडा और राजसमंद के पदाधिकारी शामिल हुए। उदयपुर संभाग के तत्पश्चात, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा जी जोधपुर के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उदयपुर एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा का उदयपुर  सांसद श्री अर्जुन मीणा, विधायक श्री फूल सिंह मीणा, उप महापौर श्री पारस सिंघवी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भव्य स्वागत किया।

 

श्री नड्डा ने जोधपुर के कस्तूरी ऑरचिड में जोधपुर संभाग के पदाधिकारियों के साथ दो बैठक की। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जोधपुर संभाग के प्रभारी श्री जगवीर छाबा, जिलाध्यक्ष शहर देवेन्द्र सालेचा, महापौर सुश्री वनिता सेठ सहित संभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे। जोधपुर संभाग की पहली बैठक में जलौर, सिरोही, बाडमेर, बालोतर और जैसलमेर के पदाधिकारी उपस्थित थे। जोधपुर संभाग की दूसरी बैठक में जोधपुर शहर, जोधपुर ग्रामीण उत्तर, जोधपुर ग्रामीण दक्षिण और पाली के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक से पहले जोधपुर एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा का सांसद श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सांसद श्री राजेन्द्र गहलोत और सांसद श्री पीपी चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भव्य स्वागत किया।

 

श्री नड्डा ने उदयपुर एवं जोधपुर संभाग के पदाधिकारियों से कहा कि सीएम अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार से राजस्थान की जनता त्रस्त्र है। अशोक गहलोत सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। हर दिन बढ़ते अपराध से हर एक आदमी परेशान है। राजस्थान में आए दिन पेपर लीक जैसे मामले उजागर हो रहे हैं। गहलोत सरकार ने नौकरी की परीक्षा घपले-घोटाले करके युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है, जो असहनीय है। अशोक गहलोत कैबिनेट के एक मंत्री ने एक लाल डायरी को सार्वजनिक करके उनके भ्रष्टाचार की पुष्टि कर दी है। राजस्थान में किसानों से लेकर आदिवासी, दलित, पिछड़ा, युवा, महिला, सभी लोग भ्रष्टाचार से त्राहिमाम है। उन्होंने निर्देश दिया कि भाजपा के कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर अशोक गहलोत के भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करे।

 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। कांग्रेस तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने के चक्कर में प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ा  दी। राजस्थान में प्रतिदिन औसतन 17 से 18 बलात्कार की घटनाएं हो रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में आज राजस्थान देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जो बहुत ही दुखद है। उन्होंने निर्देश दिया कि भाजपा के हर कार्यकर्त्ता जन जन से मुलाकात कर गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध के खिलाफ जागरूक करे।

To Write Comment Please लॉगिन